तिर्वा(कन्नौज)। साइबर अपराधियों ने अब बोर्ड परीक्षार्थियों की ओर रुख किया है। लॉकडाउन में मूल्यांकन स्थगित होने का फायदा उठाकर अपराधियों ने बोर्ड परीक्षार्थियों को फर्जी कॉल कर रुपये मांगने शुरू कर दिए। 400 नंबर पर नौ हजार रुपये व 380 नंबर पर आठ हजार रुपये मांगे हैं। रुपये न देने पर फेल करने की धमकी दी है। इससे छात्रों में दहशत है। वहीं, सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य ने सभी छात्रों को मैसेज भेजकर आगाह कर रुपये न भेजने की बात कही है। साथ ही पुलिस से शिकायत की है।
इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में शामिल परीक्षार्थियों के पास फे क कॉल आ रही हैं। इसमें नंबर बढ़वाने के नाम पर पैसों की मांग की जा रही है। ऐसा ही मामला कस्बे के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के परीक्षार्थियों के मामले में सामने आया है। कक्षा 12 के छात्र चेतन मिश्रा, अभिषेक कुमार, अभय कुमार के मोबाइल नंबर पर अलग-अलग नंबरों से फोन आए हैं। कॉलर ने 400 नंबर के लिए 9000 रुपये और 380 नंबर के लिए 8000 रुपये मांगे हैं। पैसे मांगने वाले ने अपना अकाउंट नंबर और आईएफएससी कोड भी दिया है। छात्रों ने इस कॉल के बारे में शिक्षकों और प्रधानाचार्य को बताया।
छात्रों ने घटना की जानकारी यूपी 112 पुलिस व एसपी कार्यालय में दी है। शिक्षकों और प्रधानाचार्य ने छात्रों से किसी के बहकावे में न आने के लिए कहा है। प्रधानाचार्य श्रीनारायण कोष्टा ने बताया कि उन्होंने पुलिस को जालसाजों के बारे में जानकारी दी है।