कन्नौज। नवविवाहिता का शव गुरुवार को घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
हरदोई जिले के कोतवाली बिलग्राम के अतरक्षा बुजुर्ग गांव निवासी कन्हैयालाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बेटी सोनी (25) की शादी सदर कोतवाली के मतौली गांव निवासी विशाल से की थी। शादी में हैसियत के अनुसार दहेज दिया था पर ससुराल वालों की मांग खत्म नहीं हुई। आरोप है कि शादी में जो सोना-चांदी दिया गया था, उसे उसके पति ने बेच दिया। इसके बाद ससुराल से दोबारा सोना-चांदी बनवाने के लिए दबाव बनाया जाने लगा। मांग पूरी न होने पर बेटी को मारपीट कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।
उन्होंने बताया कि कई बार समझाने की कोशिश की और मांगा गया दहेज भी पूरा किया, फिर भी बेटी को चैन से नहीं रहने दिया गया। यातनाओं से तंग आकर बेटी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही जलालपुर चौकी इंचार्ज प्रशांत गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। ससुराल पक्ष के लोगों की तलाश की जा रही है।