ट्रांसफार्मर फुंकने पर प्रदर्शन करते मोहल्लेवासी
- फोटो : अमर उजाला
मोहल्ला अशफाक उल्ला का ट्रांसफार्मर फुंकने से नाराज ग्रामीणों ने सभासद के नेतृत्व में जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। फुंके ट्रांसफार्मर से रमजान के दिनों में रोजेदारों को परेशानी हो रही है। साथ ही पेयजल की आपूर्ति भी बाधित हो रही है।
नगर के मोहल्ला अशफाक उल्ला में टंकी के पास रखा ट्रांसफार्मर एक माह में करीब तीन बार फुंक चुका है। इससे मोहल्ले के लोगों को पानी की भारी दिक्कत उठानी पड़ रही है। मोहल्ले के जुबैर खां, मुजमद्दीन, वकील खां, राजेश कुमार, मुकेश कुमार, विजय बहादुर, फैजुल, दिनेश चंद्र आदि लोगों ने बताया कि अधिक लोड होने की वजह से ट्रांसफार्मर बार-बार फुंक रहा है। इस संबंध में विभाग के अफसरों से कई बार अलग ट्रांसफार्मर रखे जाने की मांग कर चुके हैं ।अभी तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। वहीं ट्रांसफार्मर के फुंकने से रोजेदारों को भारी परेशानी होती है।
जल निगम की टंकी का नलकूप ठप हो जाने से पानी की समस्या बनी रहती है। शनिवार को वार्ड के सभासद इकलाख के नेतृत्व में मोहल्ले के लोगों ने अफसरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नगर पंचायत चेयरमैन नसीम अहमद का कहना है कि मोहल्लेवासियों के ट्रांसफार्मर की समस्या निराकरण के लिए अफसरों से बात की जा रही है।