छिबरामऊ। भाजपा नेता एवं विधायक के करीबी रिश्तेदार की राशन की दुकान में आतिशबाजी की चिंगारी से आग लग गई। जब तक आसपास के लोग आग को बुझा पाते, तब तक आग की चपेट में आकर तीस हजार रुपए कीमत का बारदाना जलकर राख हो गया।
विधायक अर्चना पांडेय के करीबी रिश्तेदार एवं भाजपा नेता मोहल्ला बजरिया निवासी अनुराग त्रिपाठी पुत्र लल्लाबाबू अनुसूचित वस्तु विक्रेता डीलर है। भाजपा नेता मोहल्ला बनवारी नगर में राशन कोटा संचालन के लिए किराए पर दो दुकानें लिए हुए हैं। एक दुकान में राशन का स्टॉक और दूसरी में खाली बचा हुआ बारदाने का स्टॉक कर रखा है।
सोमवार को आसपास के बच्चे आतिशबाजी चला रहे थे। आतिशबाजी की चिंगारी बंद दुकान के रोशनदान से अंदर गिर गई। रात करीब 8 बजे दुकान के अंदर से धुआं उठता देख भाजपा नेता को सूचना दी। भाजपा नेता ने मौके पर पहुंचकर दुकान का शटर खोली, आसपास के लोगों ने मशक्कत कर आग बुझाई।
भाजपा नेता ने बताया कि दुकान के अंदर करीब तीस हजार का बारदाना था, जो आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गया। वहीं आसपास के लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले ही राशन वितरण के लिए स्टॉक दुकान पर आया था, जिसे दूसरी दुकान में रखा गया था। अगर आग दूसरी दुकान तक पहुंच जाती तो भारी नुकसान हो सकता था।