तालग्राम (कन्नौज)। सैफई से लखनऊ जाते समय पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तालग्राम निकवा कट के पास काफिला रोक दिया। कहा कि भाजपा हमेशा आरक्षण की विरोधी रही। इस आरक्षण का मतलब है कि भाजपा पिछड़े और अनुसूचित जाति के खिलाफ है।
बुधवार की दोपहर अखिलेश यादव सबसे पहले निर्माणाधीन विधि विज्ञान प्रयोगशाला पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार जमकर निशाना साधा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा चाहती है कि आरक्षण किसी रूप में न हो। इस आरक्षण का मतलब भाजपा पिछड़े और अनुसूचित जाति के खिलाफ है। समाजवादी यहां जो बनाकर चले गए, आगे कुछ नहीं बढ़ पाया। विधि विज्ञान प्रयोगशाला के डिप्टी डायरेक्टर अनिल यादव से कहा कि अगर विधि विज्ञान प्रयोगशाला शुरू हो जाती तो कई वारदातों के सुलझाने में पुलिस को सफलता मिलती। इस दौरान प्रयोगशाला के पास एक ढाबा पर उन्होंने चाय पी। जाते-जाते उन्होंने कहा कि हो सकता अभी चाय की दुकान हटाने बुलडोजर आ जाए।
पूर्व प्रधान की हत्या प्रशासन और भाजपा ने कराई
नरुइया के पूर्व प्रधान अरुण शाक्य की हत्या पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जो हत्या हुई है वह प्रशासन, बीजेपी और विधायक ने कराई। पीड़ित परिवार को सरकार 50 लाख रुपये और पूर्व प्रधान की पत्नी को सरकारी नौकरी दे। वह खुद जल्द गांव जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। तालग्राम में मंदिर में मवेशी के अवशेष किसने फेंके, सांप्रदायिक बवाल किसने कराया यह सभी जानते हैं।