कन्नौज। गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में अब पांच किलोमीटर के दायरे में पौधों की नर्सरी लगाने पर उद्यान विभाग 50 फीसदी अनुदान देगा।
जिला उद्यान अधिकारी (डीएचओ) सीपी अवस्थी ने बताया कि जनपद में एक निजी नर्सरी लगाई जानी है। उद्यान विभाग की एक हेक्टेयर जमीन पर नर्सरी लगाने पर अधिकतम 15 लाख रुपये खर्च होने पर साढ़े सात लाख रुपये का अनुदान विभाग देगा। न्यूनतम पांच बीघा रकबे में भी नर्सरी लगाई जा सकेगी। डीएचओ ने बताया कि लाभ गंगा किनारे बसे 20 गांव के अलावा अब पांच किमी दायरे वाले गांव के किसानों को भी योजना का लाभ मिलेगा। जो किसान नर्सरी लगाने के इच्छुक हैं, वह कार्यालय में आकर संपर्क कर सकते हैं।
फलदार बाग लगाने पर तीन साल तक लाभ
गंगा किनारे पांच किमी दायरे में बसे गांव के किसानों को औद्यानिक विकास योजना के तहत फलदार बाग लगाने पर प्रति हेक्टेयर के हिसाब से तीन हजार रुपये किसान को मिलेंगे। यह लाभ 36 महीने तक लगातार दिया जाएगा। डीएचओ ने बताया कि स्वयं की जमीन पर बाग लगाने के इच्छुक किसान आवेदन कर सकते हैं। किसान फलों की नर्सरी न्यूनतम पांच बीघा जमीन और अधिकतम एक हेक्टेयर रकबा में लगाने पर लाभ पा सकेंगे। कुल एक हेक्टेयर पर एक लाख आठ हजार रुपये रुपये तीन साल में मिलेगा।