कस्बे के अंबेडकर पार्क में लगी होर्डिंग उतारने के दौरान कुछ लोगों ने होमगार्ड के साथ धक्का-मुक्की कर दी। हालांकि इसके बाद भी होर्डिंग नहीं उतारी जा सकी। इस मामले में कोई भी अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।
बुधवार दोपहर प्रदेश में चुनाव आचार संहिता लगते ही स्थानीय प्रशासन ने डीएम के आदेश पर कस्बे में होर्डिंग बैनर, पोस्टर उतरवाने का अभियान शुरू किया गया। पुलिस की मौजूदगी में नगर पंचायत कर्मियों की टीम अंबेडकर पार्क के पास पहुंची तो वहां लगी होर्डिंग को उतारने के दौरान कुछ लोग आ गए। पार्टी विशेष से संबंध रखने वाले उक्त लोगों ने होर्डिंग उतारने को लेकर विरोध किया।
इस पर वहां मौजूद होमगार्ड रमेशचंद्र के साथ उन लोगों ने धक्का-मुक्की भी कर दी। बाद में उन लोगों ने प्रशासन से स्वयं ही अपनी होर्डिंग उतारने की बात कही। इस पर उन्हें मोहलत दे दी गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि यदि कल तक उनकी होर्डिंग नहीं उतरी तो उसे उतरवा दिया जाएगा और संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। नादेमऊ प्रतिनिधि के अनुसार कानूनगो नूरमोहम्मद, लेखपाल विजयपाल ने नादेमऊ, इंदरगढ़, हसेरन आदि क्षेत्रों में अभियान चलाकर बैनर, होर्डिंग उतरवाए।