तालग्राम। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड़ पर राजापुरवा भवनियांपुर गांव के पास शुक्रवार देर रात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक छात्र की मौत हो गई जबकि दो दोस्त घायल हो गए। शनिवार सुबह लोगों ने एक्सप्रेसवे पर तीनों युवकों को किनारे पड़े हुए देखा। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र व दोनों घायलोें को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा।
तालग्राम क्षेत्र के गोवा गांव निवासी आयुष (20) इंदरगढ़ लेलेपुर स्थित चौधरी जेएसएसएस महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। वह सहपाठी बिरियाहार टिकुरियन निवासी आशीष (20) और शारदादेवी इंटर कालेज बृजेंद्र नगर अमोलर कक्षा 10वीं के छात्र आकाश (19) के साथ शुक्रवार को बाइक से भवनियांपुर निवासी शिक्षक अनिल कुमार की बहन की शादी में शामिल होने गए थे। देर रात लौटते समय आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड़ पर राजापुर भवनियांपुर गांव के बीच अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। तीनों एक्सप्रेसवे किनारे जा गिरे और घायल हो गए। सुबह जब लोगों ने तीनों को पड़े हुए देखा तो पुलिस को सूचना दी। घायलों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया। वहां आयुष को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायल आशीष व आकाश की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसको कानपुर रेफर कर दिया।