सौ शय्या अस्पताल में मौजूद परिजन।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ (कन्नौज)। बेटे को लेकर लौट रहे पीडब्ल्यूडी कर्मी की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कर्मचारी की मौके पर मौत हो गई। बेटे को तिर्वा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
करमुल्लापुर (प्रेमपुर) निवासी विमलेश सिंह पुत्र स्व. नरेंद्र सिंह पीडब्ल्यूडी में बेलदार के पद पर फर्रुखाबाद जिले के खुदागंज में तैनात थे। बेटा छोटू (6) खुदागंज में आश्रम में पढ़ता है। मंगलवार की शाम वह बेटे को लेकर घर लौट रहे थे। करमुल्लापुर चौराहे के पास किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में विमलेश की मौत हो गई। बेटा छोटे गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोग ट्रैक्टर-ट्राली से दोनों को सौ शय्या अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने छोटू की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद तिर्वा मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। वहीं हादसे के बाद चालक वाहन को लेकर मौके से भाग निकला। सूचना पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
मृतक आश्रित में हुई थी नियुक्ति
विमलेश के पिता नरेंद्र सिंह पीडब्ल्यूडी में नौकरी करते थे। उनकी मौत के बाद विमलेश की मृतक आश्रित में खुदागंज में नियुक्ति हुई थी। साल 2011 में विमलेश की शादी तेराजाकेट निवासी पिंकी के साथ हुई थी। बेटा मोनू (8) दिव्यांग है। विमलेश की मौत की सूचना से घर में कोहराम मच गया। पिंकी समेत परिजन रो-रोकर बेहाल रहे।