तालग्राम। तेराजाकेट मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से घायल को अस्पताल भेजा। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे।
थाना सौरिख अंतर्गत दारापुर बरेठी गांव निवासी संजय कुमार उर्फ रिंकू (27) बाइक से फर्रुखाबाद से घर लौट रहे थे। साथ में हीरानगला निवासी अमित कुमार (22) भी थे। मंगलवार शाम पांच बजे के करीब कोतवाली गुरसहायगंज के अदमापुर गांव मोड़ के पास सामने से आ रही पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं चालक पिकअप छोड़ मौके से भाग गया।
स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से सीएचसी तालग्राम भेजा जहां डाक्टरों ने घायल संजय कुमार को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर संजय के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पिता सुरेंद्र सिंह ने बताया कि संजय ट्रक चालक है। पत्नी मोनिका, मां बिटोली देवी, छोटा भाई रोहित और बहन गोल्डी का रो -रो कर हाल बेहाल हैं। उसकी दो की बेटी श्रृष्टि (2) और बाबू छह माह की है। उप निरीक्षक कृपाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।