मानीमऊ। रेलवे क्रॉसिंग के निकट एनएच पार कर रहे युवक को बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक सहित तीन लोग सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने युवकों को कुचल दिया। इसमें एक युवक की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को रेफर कर दिया गया।
फर्रुखाबाद के थाना शमसाबाद के ग्राम आलेपुर निवासी शिवम (20) साथियों के साथ बाइक से कानपुर की ओर से आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक शिवम का साथी युवक चला रहा था। एनएच पर शहर क्षेत्र के मानीमऊ रेलवे क्रॉसिंग के निकट ग्राम उदैतापुर निवासी गजराज यादव (30) सड़क पार कर रहा था। तभी बाइक ने गजराज को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों लोग सड़क पर जा गिरे और पीछे से आ रहे ट्रक ने तीनों को कुचल दिया। इसमें 22 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टर ने शिवम और गजराज का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद गजराज को कानपुर और शिवम को तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। शिवम के पिता ने हादसे में दम तोड़ने वाले युवक का नाम सचिन बताया है। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि युवक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।