कन्नौज। विपरीत दिशा से जा रहे ट्रैक्टर ने गुरुवार को बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एटा जिले के थाना निधौली के ग्राम घनश्यामपुर निवासी धर्मवीर (26) शाम को कानपुर से बाइक द्वारा अपने घर वापस जा रहा था। मानीमऊ कोल्ड स्टोरेज के सामने विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने बाइक में टक्कर मारी दी। टक्कर लगने से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के कुछ देर बाद ही युवक की घटनास्थल पर मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर मानीमऊ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।