चुनावी रंजिश में शिक्षक को गोली मारी
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज जिले में सौरिख इलाके के शंकरपुर गांव में चुनावी रंजिश के चलते एक शिक्षक को गोली मार दी गई। पेट में गोली लगने से वह घायल हो गए। घटना रविवार रात की है। शिक्षक को छिबरामऊ से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। तनाव देखते हुए गांव में फोर्स लगा दी गयी है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी शिक्षक हिमांशु 25 वर्ष पुत्र अशोक कुमार रविवार शाम को गांव के बाहर स्थित खेत गए थे। अचानक पहुंचे बाइक सवार चार युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिससे वेदांश उर्फ हिमांशु शाक्य के पेट में गोली लग गई।
वह घटनास्थल पर खून से लथपथ होकर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुन आसपास के लोग घटनास्थल के लिए दौड़ पड़े। बाइक सवार बदमाश एक बाइक और तमंचा छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीण घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां से डाक्टरों ने गंभीर हालत में 100 शय्या छिबरामऊ के लिए रेफर कर दिया।
वहां से बाद में जिला अस्पताल भेज दिया गया।घटना से गांव में तनाव बना हुआ है। सूचना पर पहुंची प्रभारी निरीक्षक पूनम अवस्थी ने मौजूद लोगों से पूछताछ करते हुए बाइक सवार बदमाशों को पकड़ने के लिए कई जगह दबिश दी है लेकिन अभी तक बदमाश पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल गांव में तैनात किया गया है। घायल शिक्षक हसेरन ब्लॉक के गपचरियापुर के प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हैं। सीओ शिव कुमार थापा का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। हालांकि अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।