छिबरामऊ। क्षेत्र में अलग-अलग हुई बाइकों की भिड़ंत में मां-बेटे समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से दो को गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल काॅलेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया गया।
विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नगला दुर्गा निवासी विनय (20) पुत्र सरमन गुरूवार को हीरालाल वीएन इंटर काॅलेज में हाईस्कूल की परीक्षा दे रहे अपने भाई विकास व उसके साथी प्रवीण को बाइक से लेने आया था। वह दोनों को बाइक से लेकर अपने गांव जा रहा था। कोतवाली के सामने सामने से आ रही बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर रामपुर निगोह गांव का रहने वाला अनुज (20) पुत्र हरविलास सिंह व उसके गांव का राजन पुत्र पप्पू सवार थे। दोनों इंटरमीडिएट की परीक्षा देने जा रहे थे। हादसे में विनय गंभीर रूप से घायल हो गया।
एक अन्य मामले में गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के समधन निवासी नसीम अली (40) पुत्र राशिद अली अपनी मां जैरूनिशा (70) के साथ बाइक से कपूरपुर जा रहे थे। जैसे ही वह भाउलपुर गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से जैरूनिशा को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल काॅलेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया गया।