छिबरामऊ। सीजन का पहला कोहरा जानलेवा साबित हुआ। नेशनल हाईवे पर कृषि उत्पादन मंडी समिति के सामने कोहरे में खड़े वाहन में बाइक सवार दंपती टकरा गए। हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। पुलिस ने जेब से मिली बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
फर्रुखाबाद के हथियापुर गांव के मजरा नगला नट निवासी संगीत कुमार उर्फ गुड्डा (32) पत्नी सोनी कुमारी के साथ देवी जागरण व स्टेज शो करते थे। बुधवार शाम चार बजे छिबरामऊ क्षेत्र में आयोजित स्टेज शो में शामिल होने की बात कहकर दोनों घर से बाइक से निकले थे। स्टेज शो खत्म होने के बाद गुरुवार की भोर में दंपती बाइक से लौट रहे थे। नेशनल हाईवे पर कृषि उत्पादन मंडी समिति के सामने ओवरब्रिज से नीचे उतरते ही कोहरे की वजह से आगे चल रहे वाहन को संगीत नहीं देख पाया और पीछे से टकरा गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
अलसुबह हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जानकारी देने के बाद शवों 100 शैया अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और सभी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस का मानना है कि बाइक की हेड लाइट बुरी तरह से चकनाचूर थी, उसका पहिया पूरी तरह से सही था, जिसको देखकर पुलिस कर्मी व मौजूद लोग कयास लगा रहे थे कि अज्ञात वाहन ने सामने से टक्कर मारी होती तो हेडलाइट के साथ बाइक का पहिया भी क्षतिग्रस्त होना चाहिए था।
दो परिवारों का भरण पोषण कर रहा था संगीत
अस्पताल पहुंचे भाई प्रदीप ने बताया कि पिता महेश सिंह की कई साल पहले मौत हो गई थी। तीन माह पहले बड़े भाई राजू का बीमारी के चलते निधन हो गया था। उनकी पत्नी व पांच बच्चों के भरण पोषण की जिम्मेदारी संगीत के कंधों पर ही थी। संगीत की मौत से बडे़ भाई के परिवार समेत उसके एक पुत्र व बेटी भी बेसहारा हो गए।