सौरिख। खड़िनी के एक इंटर काॅलेज के प्रवक्ता ने बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये ठग लिए। प्रवक्ता ने युवकों को डाक विभाग और सेना के फर्जी नियुक्ति पत्र भी दे दिए। युवकों ने जब विभाग में जाकर पता किया, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। युवक की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सकरावा क्षेत्र के मोहद्दीनगर निवासी दानिश सलमानी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि प्रयागराज के रहने वाले चंद्रेश पटेल खड़िनी के एक इंटर कॉलेज में अंग्रेजी विषय के प्रवक्ता हैं। आरोप है कि चंद्रेश कस्बे में रहता है और कोचिंग सेंटरों में पढ़ने वाले छात्रों को नौकरी देने का झांसा देकर ठगी करता है। दानिश ने बताया कि चंद्रेश पटेल ने दो से तीन लाख रुपये लेकर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। दो मई 2024 का सीआईएसएफ का नियुक्ति पत्र देकर ऋषिकेश में जाकर ज्वाइन करने को कहा था। दानिश जब वहां पहुंचे तो पता चला कि अभी ऐसी कोई भर्ती नहीं हुई है। दानिश ने लौटकर चंद्रेश से संपर्क किया तो 24 मई को सेना का दूसरा नियुक्ति पत्र देकर ज्वाइन करने को कहा। दानिश ने जब वहां जाकर संपर्क किया तो पता चला यहां भी भर्ती नहीं निकली। तब दानिश को ठगे जाने का एहसास हुआ तो उसने चंद्रेश पटेल से पैसे वापस करने को कहा तो वह गुमराह करने लगा। इसके अलावा कई युवाओं को डाक विभाग और सेना में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगारों से लाखों रुपये ठग चुका है और युवकों को फर्जी नियुक्ति पत्र भी दे दिए, जब युवा वहां पर पहुंचता है तो कोई भर्ती न होने की जानकारी होती है। दानिश ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद से की। पुलिस अधीक्षक ने सकरावा थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रवक्ता चंद्रेश पटेल से बात करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाइल स्विच आफ बता रहा था।
थानाध्यक्ष सकरावा प्रमोद तिवारी का कहना है कि एसपी के आदेश पर मामले की जांच निरीक्षक बृजमोहन पाल को सौंपी गई है। यदि आरोप सत्य पाए गए तो मुुकदमा दर्ज कर प्रवक्ता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।