आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर चालक को झपकी आने से तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए।
यूपीडा की टीम ने एंबुलेंस से तीनों को मेडिकल कालेज तिर्वा भेजा, जहां पहुंचते ही एक युवक की मौत हो गई। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। डिवाइडर से टकराने के बाद बाइक करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है।
हरदोई जिले के थाना सांडी के गांव मसूदनगर निवासी अनंतराम (24) पुत्र भैयालाल गाजियाबाद में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। अनंतराम के साथ ही उसके रिश्तेदारी में भाई थाना बिलग्राम अजमतनगर निवासी शैलेंद्र (18) व कमलेंद्र (16) पुत्रगण रामऔतार भी गाजियाबाद में ही नौकरी करते हैं।
तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर रविवार सुबह हरदोई के लिए निकले थे। सुबह करीब आठ बजे आगरा- लखनऊ एक्सप्रेस वे पर 178 किलोमीटर पर गुरसहायगंज-तालग्राम सीमा के भवानियापुर विचपुर्वा गांव के सामने बाइक डिवाइडर से टकरा गई।
बाइक अनंतराम चला रहा था। हादसे के बाद बाइक करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में तीनों लोग घायल हो गए। यूपीडा टीम ने एंबुलेंस से तीनों को मेडिकल कालेज तिर्वा भेजा। जहां पहुंचते ही शैलेंद्र ने दम तोड़ दिया। घायल अनंतराम की हालत नाजुक होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया।
जबकि मृतक शैलेंद्र के भाई कमलेंद्र का इलाज मेडिकल कालेज में ही किया गया। गुरसहायगंज पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी नागेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस को मौके पर भेजा गया था। एक युवक की मौत हुई है, जबकि दो घायल हैं। हादसे की फौरी सूचना दर्ज की गई है।
क्षतिग्रस्त बाइक को लेजाती क्रेन- फोटो : KANNAUJ