सौरिख। हाईटेंशन लाइन टूटने से नगर और करीब 400 गांवों की बिजली 12 घंटे तक गुल रही। सोमवार को शिकायत के बावजूद तार नहीं जोड़ा गया। मंगलवार को तार जोड़कर आपूर्ति की गई।
छिबरामऊ से सटे कल्यानपुर गांव में सोमवार की रात को आठ बजे हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया था। गई। कस्बे के अलावा चार सौ गांव रात भर अंधेरे में रहे। अवर अभियंता सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि लोड अधिक होने के कारण छिबरामऊ से सौरिख के बीच 33 हजार की लाइन ब्रेक डाउन हो गई थी और कई जगह फाल्ट हुए थे। कर्मचारी रात भर लाइट को सही करने में जुटे रहे। अब लाइन का नया एस्टीमेट बनाकर शासन को भेज दिया गया है, जिससे ओवरलोड की समस्या खत्म हो जाएगी। मंगलवार की सुबह फाल्ट सही कराकर आपूर्ति को बहाल करा दिया गया।
हसेरन प्रतिनिधि के अनुसार अचानक हुए फाल्ट के कारण विद्युत उपखंड हसेरन से जुड़े फीडर नादेमऊ, शेरपुर, राजपुर, के अलावा लगभग डेढ़ सौ गांवों में आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीणों ने बताया कि अघोषित बिजली कटौती से उन्हें लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। यदि शीघ्र बिजली व्यवस्था न सुधरी तो वह सांसद सुब्रत पाठक से वार्ता करेंगे।
खड़िनी प्रतिनिधि के अनुसार बीती रात बिजली न आने से लोगों को काफी समस्या हुई। कस्बे के रामू सिंह, आमोद गुप्ता, चंदन गुप्ता, सुभाष चंद्र, महेश चंद्र, रघुराज सिंह, छोटे सिंह, गिरजेश सिंह, गौरव सिंह व अनूप सिंह ने बताया कि पिछले 24 घंटे में उन्हें चार घंटे की भी आपूर्ति नहीं मिली है। चपुन्ना प्रतिनिधि के अनुसार सोमवार की सुबह दस बजे से बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे सौ से अधिक गांव प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता से शीघ्र ही आपूर्ति बहाल कराए जाने की मांग की है।