कन्नौज/गुरसहायगंज। कृषि कानूनों के विरोध में मंगलवार को विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन किया। भारत बंद के आह्वान पर शहर में दुकानें बंद कराने निकले सपा नेताओं की अफसरों से झड़प और धक्कामुक्की हुई। कई सपा नेताओं को हिरासत में लिया गया। उधर, गुरसहायगंज के इस्माइलपुर में भारतीय किसान यूनियन ने प्रदर्शन कर जीटी रोड पर जाम लगाया। अधिकारियों ने थोड़ी ही देर बाद नेताओं को शांत कर यातायात व्यवस्था बहाल करा दी। तिर्वा तहसील में मौन प्रदर्शन कर रहे सपा नेताओं को हिरासत में लिया गया। वहीं बसपा नेताओं ने भी अपने कार्यालय में बैठक कर कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की है।
मंगलवार को भारत बंद कराने के लिए सपा विधायक अनिल दोहरे, पूर्व जिलाध्यक्ष कलियान सिंह दोहरे, पूर्व जिलाध्यक्ष मुन्ना दरोगा, पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव और संजू कटियार समेत कई नेता सड़कों पर निकल आए। दुकानें बंद कराते समय लाखन तिराहा पर सपा नेताओं की एसडीएम गौरव शुक्ला, कोतवाल विकास राय के साथ तीखी झड़प और धक्कामुक्की हुई। सपा नेताओं को हिरासत में लेकर कोतवाली भेजा गया, बाद में छोड़ दिया गया।
उधर, बसपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष संजीव दोहरे की अध्यक्षता में कृषि कानून के विरोध में बैठक हुई। जिसमें डा. सुनील दिवाकर, रामनरेश गौतम, लाल सिंह कुशवाहा, मानसिंह और जसवंत मौजूद रहे। कांग्रेस नेता अरविंद दुबे, एहसानुल हक खान, वीर सिंह यादव फौजी, लियाकत अली, नसीम, शाहिद और सलमान खान ने कलक्ट्रेट में अतिरिक्त एसडीएम हरिराम को ज्ञापन सौंपा।
वहीं गुरसहायगंज में इस्माइलपुर के पास यूनियन के जिलाध्यक्ष शमीम सिद्दीकी, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष कुसुम चौहान, साजिद हुसैन, अब्दुल मतीन, अनवर खा, मुजीब, मोहम्मद हबीब, सलीम, सुधाकर दुबे, अकील फारुकी ने सुबह 11 बजे जीटी रोड जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। एसडीएम छिबरामऊ देवेश कुमार गुप्ता, सीओ सिटी शिव प्रताप सिंह, कोतवाल राजा दिनेश सिंह, थानाध्यक्ष तालग्राम कृष्णा लाल पटेल ने किसान नेताओं को समझा-बुझाकर जीटी रोड से हटा दिया और यातायात व्यवस्था बहाल की। जिसके बाद प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर किसान विरोध बिल वापस लेने की मांग की। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के जिलाध्यक्ष इशरत खां के नेतृत्व में मोहतिन, हासिम हुसैन और जीशान ने भी गुरसहायगंज में जुलूस निकाला।
----------
मौन प्रदर्शन किया
तिर्वा। तहसील में सपा नेता अनिल पाल अपने समर्थकों के साथ मौन धारण कर किसान बिल के विरोध में बैठ गए। एसडीएम जयकरन, सीओ दीपक दुबे, कोतवाल शैलेंद्र कुमार मिश्र ने सपा नेता अनिल पाल समेत मुनैश राठौर, आदेश पटेल, अंशू पाल, नसीम खां, ऊधन सिंह, सरमन पाल और सुधीर यादव को हिरासत में लेकर दो घंटे बाद छोड़ दिया। ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लाक ने भी प्रदर्शन किया।
-----------
बाइक जुलूस निकाल किया विरोध
- पूर्व राज्यसभा सांसद ने नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
छिबरामऊ। भारतीय किसान यूनियन (जनशक्ति) के जिलाध्यक्ष हाशिम अली के समर्थन में किसान नेताओं ने नगर के सौरिख तिराहे से बाइक जुलूस निकाला। कांशीराम कालोनी के सामने एसडीएम देवेश कुमार गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। जुलूस में धर्मेंद्र कुमार, शिवम गुप्ता, सनी यादव, अकबर खां, आवेद खां, योगेश शाक्य विद्रोही, निखिलेश कुमार मौजूद रहे। भारतीय किसान यूनियन (किसान) के जिलाध्यक्ष राजा शुक्ला के नेतृत्व में पश्चिमी बाईपास स्थित गांधी पार्क में सांकेतिक धरना कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान दिनेश प्रकाश मिश्रा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन देवी, दीपक त्रिपाठी, अभिषेक पाठक, प्रेम चतुर्वेदी, सनी चतुर्वेदी, उज्ज्वल कुशवाहा, उमेश चंद्र द्विवेदी के अलावा कई किसान नेता मौजूद रहे।
उधर, पूर्व राज्यसभा सांसद डा. रामबख्श सिंह वर्मा, लोधी सेना जिलाध्यक्ष हरगोविंद सिंह, किसान नेता भारत सिंह प्रजापति व पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रताप सिंह यादव ने किसान आंदोलन के समर्थन में नायब तहसीलदार शिखर मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर राजेश राजपूत, सुरेंद्र सिंह राजपूत, सुनील प्रजापति, प्रत्यूष प्रजापति, अखिलेश प्रजापति मौजूद रहे। छिबरामऊ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में वकीलों ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर किसान आंदोलन का समर्थन किया।
=================
किसान आंदोलन के भारत बंद पर शहर के लाखन तिराहे पर दुकान का सटर बंद करते सपाई। संवाद- फोटो : KANNAUJ