भाजपा नेता के बेटे का उपचार करते चिकित्सक।
- फोटो : CHIBRAMAU
कन्नौज/छिबरामऊ। डेंगू थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को छिबरामऊ के सौ शय्या अस्पताल में दो और मरीज मिले हैं। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेंद्र भदौरिया के बेटे और एक अन्य को डेंगू की शिकायत हुई है। दोनों का सौ शय्या अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सिकंदरपुर निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह भदौरिया के बेटे सिद्धांत भदौरिया को बुखार था। रविवार देर शाम उसे सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉ. डीएस मिश्रा ने एलाइजा टेस्ट कराया तो डेंगू की पुष्टि हुई। प्लेट्लेट्स एक लाख रह गई हैं। इसके अलावा कुल्लूखेड़ा निवासी आलोक पुत्र सुभाष यादव को भी बुखार आने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। हालांकि दोनों मरीजों को डेंगू होने की जानकारी से स्वास्थ्य अधिकारी इनकार कर रहे हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. राहुल मिश्रा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम को सिकंदरपुर और कल्लूखेड़ा गांव भेजकर जांच कराई जाएगी। इसके अलावा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाएगा।
प्लेटलेट्स कम होने पर कराएं डेंगू की जांच
कन्नौज। सितंबर-अक्तूबर माह में जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में ब्लड की जांच में 14 रोगियों में डेंगू पॉजिटिव निकला है। इससे अस्पताल में वायरल फीवर, दिमागी बुखार के आने वाले मरीजों में हड़कंप है। पैथोलॉजी में मरीज डेंगू की जांच के लिए कर्मचारियों से रोजाना झगड़ रहे हैं। मामले की जानकारी पर सीएमएस डॉ. यूसी चतुर्वेदी ने पैथोलॉजिस्ट को निर्देश दिए हैं कि वायरल फीवर, दिमागी बुखार सहित अन्य रोगों से ग्रसित मरीज आने पर उनका पहले सीबीसी कराएं। रिपोर्ट में प्लेट्लेट्स कम हैं तो उनकी डेंगू की जांच करें। उधर, पिछले तीन माह में पैथोलॉजी में डेंगू की जांच के लिए 160 किट मंगाई गई थीं। 135 किटों से डेंगू की जांच की जा चुकी है। पांच मरीजों के डेंगू की पुष्टि होने पर उनका राजकीय मेडिकल कालेज से एलाइजा टेस्ट भी कराया गया। यहां भी पांचों मरीज पॉजिटिव निकले हैं। सीएमएस डॉ. यूसी चतुर्वेदी ने पैथोलॉजिस्ट आरडी यादव को निर्देश दिए हैं कि ब्लड जांच के लिए पहुंचने वाले मरीजों का पहले सीबीसी कराया जाए। प्लेट्लेट्स कम होने पर डेंगू की जांच करें।