गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के कसबा समधन के मोहल्ला नेहरूनगर में खेत की मेड़ तोड़ने की रंजिश में बुधवार की दोपहर 12 बजे दो पक्ष भिड़ गए। दोनों में लाठी-डंडे चलने के बाद जमकर हवाई फायरिंग हुई।
समधन के मोहल्ला नेहरूनगर निवासी जावेद पुत्र शहजादे का विवाद मोहल्ले के ही आफाक पुत्र साबिर अली से मेड़ तोड़ने में मंगलवार को हुआ था। इसी खुन्नस के तहत बुधवार की दुपहर दोनों पक्षों में वाद-विवाद बढ़ गया। तू-तू-मै-मै के बाद गालीगलौज होने लगी। देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने के बाद एक-दूसरे पर पथराव करना शुरू कर दिया। इससे मोहल्ले में भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। वर्चस्व कायम करने के लिए दोनों पक्षों के लोगों ने अवैध असलहों से हवाई फायरिंग भी की। इससे दहशत फैल गई।
मारपीट में एक पक्ष के आबिद (65) पुत्र शहजादे, अनस (14) पुत्री जाबिर, खलील (45) पुत्र सफी खां और दूसरे पक्ष की नूरजहां (50) पत्नी लियाकत अली, जब्बार (30) पुत्र अब्बास और अनवार पुत्र अब्बास घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी संतोष व्यास भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ घायलों को गुरसहायगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां डाक्टरों ने उनका उपचार किया।