गुरसहायगंज। व्यापारियों की सुरक्षा की बात करने वाले लोग आज गुंडों, माफिया और आतंकियों की कब्र पर जाकर सिर झुकाते हैं। ऐसे ही लोग जनता के बीच जाकर अपनी छवि को साफ-सुथरा बताकर उनसे वोट मांग रहे हैं। इनसे सावधान रहने की जरूरत है। शनिवार को गुरसहायगंज कस्बा के तिर्वा रोड पर स्थित एक गेस्ट हाउस में हुए व्यापारी सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने अपने संबोधन में यह बात कही।
वहीं, सांसद सुब्रत पाठक ने कहा कि अब देश में कहीं पर भी होटल, मंदिर, ट्रेन या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बम विस्फोट नहीं होते हैं। भारत की खुफिया एजेंसी उन्हें घटना करने से पहले ही दबोच लेती है। मोदी सरकार में अब आतंकियों को बिरयानी नहीं खिलाई जाती है, उन्हें सीधे मौत के घाट उतारा जाता है।
कार्यक्रम को छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडेय, सौरिख चेयरमैन राहुल गुप्ता, गुरसहायगंज चेयरमैन प्रतिनिधि मयंक गुप्ता, तालग्राम के पूर्व चेयरमैन दिनेश गुप्ता ने भी संबोधित किया।
इस मौके पर विकास गुप्ता, भाजपा नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र कौशल, संजू गुप्ता, विजय द्विवेदी, सभासद धर्मेंद्र गुप्ता, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष नरेंद्र राजपूत आदि लोग मौजूद थे।