कन्नौज। जेल में बंद फर्रुखाबाद के बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे के गुर्गों से आढ़ती ने खुद और परिवार को जान का खतरा बताया है। अधिवक्ता के खिलाफ तहरीर देते हुए आढ़ती ने एसपी को बताया कि सोशल साइट पर जाति विशेष के लोगों को भड़का कर उनकी व परिवार के लोगों की हत्या करने की योजना बनाई जा रही है। घर के आसपास हथियारों से लैस कार सवार लोग चक्कर काटते रहते हैं। एसपी ने छिबरामऊ सीओ को मामले की जांच सौंपते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
छिबरामऊ कस्बे के बस्तीराम मोहल्ला निवासी राजेश सिंह चौहान और इनकी पत्नी राधा देवी ने बुधवार को एसपी प्रशांत वर्मा को तहरीर दी। इसमें बताया कि इलाके के अधिवक्ता फर्रुखाबाद (फतेहगढ़) के कसरट्टा मोहल्ला निवासी बसपा नेता अनुपम दुबे के गुर्गा हैं। सोशल साइट पर जाति विशेष के लोगों को भड़का कर मेरी और परिवार की हत्या की योजना बना रहे हैं। फेसबुक पर मिल रही धमकी और कमेंट को देखकर परिवार के लोग सहमे हुए हैं। उन्हें सुरक्षा गार्ड मिला है। इसके बाद भी मकान के आसपास हथियारों से लैस कार सवार गुर्गे चक्कर काटते रहते हैं। एसपी ने छिबरामऊ सीओ को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ये है मामला
आढ़ती ने 25 सितंबर को छिबरामऊ कोतवाली में बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे समेत 16 लोगों के खिलाफ लूटपाट और हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि चार फरवरी 2020 को डॉ. अनुपम दुबे, अनुराग दुबे, जीतू दुबे, अमित दुबे उर्फ बब्बन, रत्नेश, सुमित, अमित, शांतनु, धर्मेंद्र दीक्षित, धर्मेंद्र वर्मा, देवेंद्र यादव और चार अज्ञात लोगों ने विशुनगढ़ रोड पर जमीन की रंजिश को लेकर घेर लिया था।