एक्सप्रेसवे पर बिखरे मूंगफली के पैकेट।
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम (कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गोवा मतौली गांव के पास बुधवार की सुबह दिल्ली से बिहार जा रही बस की टक्कर से मूंगफली लदी ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली सवार छह किसान घायल हो गए। बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार 21 सवारियां बाल-बाल बच गईं। यूपीडा गश्ती दल ने घायलों को मेडिकल कालेज तिर्वा भेजा है।
तालग्राम थाना इलाके के उमरापुर गांव निवासी चंद्रशेखर (30) की ट्रैक्टर-ट्राली पर गांव के किसान सर्वेश कुमार(40), विनोद कुमार (45), फूलचंद्र (43), बलराम (28), दयाशंकर (28) व होतेलाल मूंगफली लादकर हरदोई के माधौगंज बेचने जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गोवा मतौली गांव के पास दिल्ली से बिहार जा रही बस ने पीछे से टक्कर मार दी। बस को राजस्थान के जयपुर भट्ठा बस्ती के शास्त्री नगर निवासी दिनेश चला रहे थे। बस की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से छह किसान घायल हो गए। बस की 21 सवारियां बाल-बाल बच गईं। सूचना पर यूपी 112 डायल पुलिस व यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी कृपाल सिंह, शशीकांत मिश्रा, सहायक सुरक्षा अधिकारी ओम प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे।
घायलों को मेडिकल कालेज तिर्वा भेजा गया। यहां से घायल चंद्रशेखर, फूलचंद्र, सर्वेश और विनोद को कानपुर रेफर कर दिया गया। मूंगफली के पैकेट को ऊमरपुर के अनिल और शैलेंद्र के ट्रैक्टरों से बाजार भेजा गया। बस को टोल प्लाजा कर खड़ा करा दिया गया है।