कन्नौज। मुद्दई लाख बुरा चाहे तो क्या होता है, वहीं होता है जो मंजूरे खुदा होता है। शायद इसी बात को आत्मसात कर जिले स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों के पास शराब, बीयर, भांग, तंबाकू और पान मसाला की दुकानों धड़ल्ले से संचालित हो रहीं हैं। 500 मीटर के दायरे से दूर होने का फरमान का भी मान नहीं। जिला प्रशासन के लिए इस आदेश को अमल में लाना चुनौती तो है ही पर दुकानदार खुद भी दुकानें हटाकर बच्चों के भविष्य को बचाने के लिए जागरूक नहीं हैं। शासन ने जिले के सभी स्कूलों कॉलेजों के 500 मीटर दायरे को नशा मुक्ति क्षेत्र घोषित कर दिया है। शिक्षा विभाग, नारकोटिक्स विभाग और पुलिस-प्रशासन मिलकर इस नियम का सख्ती से पालन करवाएंगे। स्कूलों के बाहर बोर्ड भी लगाकर बिक्री रोकने के लिए सख्त निर्देश हुए हैं।
प्रशासनिक अनदेखी से गंभीर समस्या
इस लापरवाही के कारण युवाओं में नशे की लत दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। दुकानदार बिना किसी भय के तंबाकू उत्पाद बेच रहे हैं और बच्चों को इन उत्पादों की लत लग रही है। प्रशासनिक अनदेखी से यह समस्या और गंभीर होती जा रही है। तत्काल इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो स्थिति गंभीर होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे छात्र-छात्राओं पर गलत मानसिक प्रभाव पड़ रहा है।
सात साल की सजा, और एक लाख जुर्माना भी
तंबाकू नियंत्रण कानून के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने पर 200 रुपये तक का जुर्माना है। 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचना अवैध है, जिस पर सात साल तक की सजा और एक लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। शिक्षण संस्थानों के 100 गज के भीतर तंबाकू बिक्री भी प्रतिबंधित है।
बोले जिम्मेदार:::::::::
नई पीढ़ी को नशे की लत से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाएं जाएंगे, शासन की ओर से जो भी निर्देश मिले हैं उनको ध्यान में रखते हुए पुलिस-प्रशासन के सहयोग से स्कूलों कॉलेजों के करीब लगी पान-मासला और शराब, बीयर दुकानों को अभियान चलाकर हटवाया जाएगा।
-पप्पू सरोज, डीआईओएस, नोडल अधिकारी
दृश्य : एक
शहर के सुशीला देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज से 200 मीटर की दूर पर ही बड़ा बाजार इलाके में शराब-बीयर का कंपोजिट ठेका धड़ल्ले से संचालित हो रहा है। छुट्टी के वक्त जब छात्राएं इस ओर गुजरती हैं, तो नजर पड़ते ही हिचक सी जाती हैं। इसके अलावा कई स्कूलों के आसपास सिगरेट और गुटखा जैसी वस्तुएं खुलेआम बिक रही हैं।
दृश्य : दो
ठठिया क्षेत्र के श्यामपुर धौरारा गांव में एक इंटर कॉलेज है, जिससे महज 100 मीटर की दूरी पर देशी शराब की दुकान है। यहां दिन भर शराबियों का जमघट रहता है और आए दिन झगड़ा भी होता है। ऐसे में स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को परेशानी होती है। अभिभावकों ने कई बार अधिकारियों से शराब की दुकान को हटवाने की मांग की पर सुनवाई नहीं हुई। अब शासन ने स्कूल से 500 मीटर की परिधि में नशे की दुकानों को हटाने का फरमान जारी किया है।