शहर के सिद्धपीठ गौरी शंकर मंदिर में सजावट करते कर्मचारी।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। महाशिवरात्रि पर आज शिवालय बम-बम भोले के जयकारों से गूंजेंगे। पर्व को लेकर पूरे दिन आकर्षक सजावट की जाती रही। गंगा घाट पर स्नान करने वालों के लिए भी इंतजाम पूरे कर लिए गए। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि मंदिरों में सादे कपड़ों में भी महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
गुरुवार को महाशिवरात्रि का पर्व है। शहर के प्रमुख सिद्धपीठ बाबा गौरी शंकर मंदिर, बाबा विश्वनाथ मंदिर चौधरियापुर के अलावा अन्य शिव मंदिरों में भव्य तैयारियां की गई हैं। सिद्धपीठ बाबा गौरी शंकर मंदिर के पुजारी मथुरा प्रसाद ने बताया कि भक्तों को रुद्राभिषेक में असुविधा न हो, इसके लिए बैरिकेडिंग की गई है। वहीं लोगों ने पूजा-अर्चना के लिए सामग्री की खरीदारी की। महाशिवरात्रि पर शहर के महादेवी घाट पर स्नान के लिए भीड़ उमड़ती है। इससे यहां भी पुख्ता इंतजाम किए गए।
दौलेश्वर धाम में उमड़ेगा आस्था का सैलाब
तिर्वा। कस्बे के दौलेश्वर धाम मंदिर परिसर मेें लगने वाले एक दिवसीय मेले की तैयारी पूरी कर ली गईं। यहां भक्त गंगा जल से शिवलिंग का अभिषेक करते हैं। दूर-दराज से आने वाले भक्तों ने मंदिर परिसर के आसपास डेरा डाल लिया है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया। (संवाद)
फूलों और बिजली की रंगीन झालरों से सजे शिव के धाम
छिबरामऊ। महाशिवरात्रि के मद्देनजर शिव के धाम फूलों और बिजली की रंग बिरंगी झालरों से सज गए हैं। वहीं कांवड़ियों की भीड़ से नगर में दिनभर जगह-जगह जाम के हालात रहे। नगर के गंगेश्वरनाथ मंदिर, मंशेश्वरनाथ मंदिर, पीपल चौराहा स्थित विजयनाथ मंदिर सहित नगर के शिवालयों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिरों को फूलों की लड़ियों और बिजली की रंग बिरंगी झालरों से सजाया गया है। वहीं फर्रुखाबाद चौराहा, पीपल चौराहा, बरगदिया तिराहे पर कांवड़ियों के निकलने से दिनभर जाम रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा नगर के मुख्य मार्ग, विशुनगढ़ रोड पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। यहां भी कई बार जाम लगा।