इंदरगढ़(कन्नौज)। सामान लेने निकले बाइक एजेंसी संचालक के बेटे का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। इससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सीओ के नेतृत्व में सर्विलांस, एसओजी व क्षेत्रीय पुलिस के सहयोग से छानबीन शुरू कर दी गई। सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
थाना इंदरगढ़ के पूराराय गांव निवासी सतेंद्र कुमार की नादेमऊ में बाइक एजेंसी है । शुक्रवार दोपहर 19 वर्षीय पुत्र आकाश एजेंसी का सामान देने एजेंसी के लिए निकला था। रास्ते में उसकी बाइक को दो व्यक्तियों ने रोक लिया। इन्होंने मारपीट शुरू कर दी। बाद में बाइक से अपहरण कर ले गए। यह घटना बस में सवार गांव की युवती ने देख ली। उसने एजेंसी संचालक को सूचना दी। पिता ने पुलिस को बताया।
सीओ दीपक दुबे, सर्विलांस, एसओजी व क्षेत्रीय पुलिस ने घटनास्थल से लेकर घर तक का निरीक्षण कर लोगों से जानकारी ली। पुलिस ने दो लोगों को संदेह के आधार पर पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ दीपक दुबे ने बताया कि बाइक एजेंसी के पुत्र के अपहरण की जांच की जा रही है। टीम छानबीन में जुटी है। जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा।