आलू के खेत में भरा बारिश का पानी (फाइल फोटो)।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। उच्चाधिकारियों के आदेश पर बारिश से फसलों को हुए नुकसान के सत्यापन में 16 टीमों को लगाया गया है। एडीओ कृषि व सहायक कृषि रक्षा पर्यवेक्षक को जांच सौंपी गई है। अफसरों को एक सप्ताह में नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। इसे उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। इसके बाद किसानों को फसलों में हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा।
कृषि विभाग के उच्चाधिकारियों ने 15 व 16 जनवरी को हुई बारिश से फसलों में हुए नुकसान की जिलेवार रिपोर्ट मांगी थी। जिला कृषि अधिकारी व जिला कृषि रक्षा अधिकारी को पत्र भेजा गया था। जिला कृषि अधिकारी राम मिलन सिंह ने आठ ब्लाकों में दो-दो टीमों को लगाया है। इसमें सहायक विकास अधिकारी पंचायत कृषि व कृषि रक्षा पर्यवेक्षक शामिल हैं।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि सभी अफसरों से एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी गई है। दो दिन हुई बारिश से सबसे ज्यादा आलू, सरसों, धनिया व मटर को नुकसान हुआ है। जिले में 20 फीसदी नुकसान होने की आशंका है। अफसरों की रिपोर्ट को उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा।
दो दिन में हुई 40.73 मिलीमीटर बारिश
जिले में 15 व 16 जनवरी को लगातार बारिश हुई। इसमें 15 जनवरी को सदर तहसील में 20.4 एमएम, छिबरामऊ में 19.8 एमएम व तिर्वा में 24 एमएम समेत औसतन 21.4 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई। 16 जनवरी को सदर तहसील में 19 एमएम, छिबरामऊ में 22 एमएम व तिर्वा तहसील में 17 एमएम समेत औसतन 19.33 मिलीमीटर बारिश हुई। दो दिन में 40.73 मिली मीटर बारिश हुई है।