पल्स पोलियो महाभियान को सफल बनाने के लिए विनोद दीक्षित चिकित्सालय से स्कूली बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली। सीडीओ उदयराज यादव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
विनोद दीक्षित सीएचसी से निकाली गई रैली में विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्ती व स्लोगन लिखी पट्टिकाएं लेकर लाखन चौराह पर पहुंचे। रैली के दौरान बच्चे 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को दो बूंद पोलियो की दवा पिलाने की बात कहकर जागरूक कर रहे थे। रैली के साथ सीडीओ के अलावा सीएमओ पीएन वाजपेयी, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक और प्रधानाध्यापक भी चल रहे थे।
रैली चिरैयागंज, हरदेवगंज, पाटानाला, लाखनचौराहा होते हुए वापस विनोद दीक्षित अस्पातल पहुंची। बच्चों ने रास्ते में लोगों को दो बूंद जिंदगी की दवा पिलाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर विनोद दीक्षित चिकित्सालय के अधीक्षक डा. गीतम सिंह, डा. जेआर सिंह, वाईके मंजुल, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा. केपी मधेसिया, डा. एपी सिंह सहित कई अन्य चिकित्साधिकारी मौजूद रहे।
सीएमओ ने बताया कि जिलाधिकारी 22 फरवरी को पल्स पोलियो अभियान के अवसर पर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मौसमपुर अल्हड़ के बूथ पर सुबह आठ बजे पहुंचकर उद्घाटन करेंगे।