पुलिस की हिरासत में हत्यारोपी।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। अवैध संबंध के शक में पति ने भाई के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए ईंट से सिर कुचलने के बाद तेजाब डाल दिया। इसमें मृतका के मामा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने घटना के तीन दिन बाद दोनों आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसपी ने घटना का पर्दाफाश करने पर पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
तिर्वा पुलिस को 12 दिसंबर को ईशन नदी पुल के पास सड़क किनारे अज्ञात महिला का शव मिला था। आरोपियों ने शव की पहचान छिपाने के लिए सिर को ईंट से कुचलकर तेजाब डाल दिया था। आसपास के जिलों में पूछताछ पर 14 दिसंबर को श्याम बाबू पुत्र लक्ष्मीनारायण निवासी रोटी गोदाम बिरहाना रोड, कानपुर नगर ने अपनी 22 वर्षीय भांजी नीलम के रूप में की। श्याम बाबू ने विजय प्रताप उर्फ शोभित व अजय प्रताप उर्फ सुमित निवासी ग्राम पैथाना थाना ठठिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
तिर्वा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी विजय प्रताप उर्फ शोभित ने प्रेम संबंध होने पर अंतरजातीय विवाह कर लिया था। कुछ समय बाद विजय प्रताप को नीलम के ऊपर शक होने लगा। विजय प्रताप ने भाई अजय प्रताप उर्फ सुमित के साथ मिलकर नीलम की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका की शिनाख्त छिपाने के लिए दोनों ने मृतका के सिर को ईंट से कुचल दिया। बाद में तेजाब डालकर दोनों बाइक से कानपुर भाग गए। तिर्वा पुलिस ने दबिश देकर दोनों हत्यारोपी भाइयों को पकड़ लिया।
बचपन में हो गई थी माता-पिता की मौत
नीलम चारबाग जिला लखनऊ की मूल निवासी थी। माता-पिता की बचपन में मृत्यु हो गई थी। इस पर मामा श्याम बाबू उसे कानपुर ले आए। उन्होंने उसका पालन-पोषण किया। भांजी की मौत से मामा का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की बात कही है।