सौरिख। समोसा खरीदने को लेकर हुए विवाद में कार सवारों ने बाइक से घर लौट रहे युवक को कुचलने का प्रयास किया। आरोप है कि पहले कार से पीछे बाइक में टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया और फिर कई बार उसके ऊपर से कार निकालने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल युवक को सैफई में भर्ती कराया गया है। वहां उसकी हालत नाजुक है। पुलिस ने गुरुवार को पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मैनपुरी जिले के थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम मिदिया निवासी जनेश चंद्र का पुत्र समोद यादव मंगलवार को सौरिख क्षेत्र के ग्राम नगला मदारी गांव में दुकान पर समोसा खाने गया था। तभी वहां पर गांव निवासी राजिद उर्फ राशिद एक साथी के साथ कार से पहुंचा। पहले समोसा खरीदने को लेकर समोद और राजिद के बीच कहासुनी हो गई। वहां पर मौजूद लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत करा दिया। आरोप है कि वहां से जाते समय आरोपियों ने समोद को जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद समोद बाइक से घर लौट रहा था।
रास्ते में कार सवार आरोपियों ने पीछे से उसकी बाइक में टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उस पर कई बार कार चढ़ाकर कुचलने का प्रयास किया। चीखपुकार सुनकर ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल समोद को लेकर सैफई पहुंचे। वहां उसकी हालत गंभीर है। थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि जनेश चंद्र की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी राजिद उर्फ राशिद को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। दूसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।