गुरसहायगंज। कानपुर फजलगंज डिपो के रोडवेज बस चालक को कन्नौज डिपो के चालक ने शुक्रवार को घेर लिया और चाकू से हमला कर हत्या की कोशिश की। पुलिस ने रोडवेज बस चालक की तहरीर पर शनिवार को हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज की है।
सौरिख थाना क्षेत्र के चपुन्ना निवासी रोडवेज बस चालक दुर्गेश द्विवेदी बस लेकर कानपुर जा रहा था। सवारियां बैठाने की होड़ में सौरिख के नगला तेज गांव निवासी कन्नौज डिपो के चालक सुधीर यादव से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद आरोपी बस चालक सुधीर यादव ने जुनैदपुर कट के पास दुर्गेश द्विवेदी की बस को रोका और चाकू से वार कर जानलेवा हमला कर दिया था। इससे दुर्गेश गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घायल चालक की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की है। दुर्गेश को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी आलोक दुबे ने बताया कि घायल बस चालक दुर्गेश द्विवेदी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी बस चालक को तलाश कर जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।