रजबाह में लगाए गए अवैध बांध को हटाती जेसीबी मशीन व मौजूद सिंचाई विभाग के एक्सईएन पारसनाथ मौर्य।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ। टेल तक पानी न पहुंचने की शिकायत पर एक्सईएन जेबीसी लेकर सकरावा रजबहा पहुंचे और रजबहा में लगे बंधे हटवाने के साथ अवैध कुलाबे भी बंद करा दिए। कर्मचारियों को नियमित निरीक्षण कर बंध लगाने व अवैध कुलाबा बनाने वाले किसानों पर मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए।
जिले में सौरिख क्षेत्र में धान की सर्वाधिक बुआई होती है। इस क्षेत्र के किसान रजबहों पर निर्भर हैं। चार महीने से रजबहों में पानी नहीं आ रहा था। सिंचाई न होने से फसल को नुकसान हो रहा है। किसानों ने अधिकारियों ने टेल तक पानी न पहुंचने की शिकायत की थी। इस पर एक्सईएन पारसनाथ मौर्य उपराजस्व अधिकारी दिनेश कुमार गौड़ के साथ जेबीसी लेकर सकरावा रजबहा का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने जेबीसी से रजबाह में लगाए गए बंधे हटवाने और अवैध कुलाबे बंद करा दिए। सिल्ट हटवाने का काम भी शुरू करा दिया। एक्सईएन ने कहा कि सफाई कार्य पूरा होने के बाद रजबहा में टेल तक पानी पहुंचने लगेगा।