कन्नौज। बेटी के साथ प्रेम संबंधों में बाधा बनी आशा कार्यकर्ता की हत्या कर शव को बंबा की पुलिया के नीचे फेंक दिया गया था। पुलिस ने प्रेमी समेत कार चालक और उसके सहयोगी को रविवार को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने गुनाह कुबूल कर लिया। बताया कि ईंटों से सिर कूंचकर उन्होंने आशा कार्यकर्ता को मौत के घाट उतार दिया था।
पुलिस कार्यालय में घटना का खुलासा करते हुए एसपी विनोद कुमार ने बताया कि सौरिख थाना क्षेत्र के नगला दरियाय निवासी अभिषेक जाटव ने चार मई को मां राजश्री अचानक गुम होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उसी दिन जनपद मैनपुरी के थाना बेवर अंतर्गत ग्राम बाजपुर में आशा कार्यकर्ता राजश्री उर्फ रजनी का शव बंबा की पुलिया के नीचे मिला। इसके खुलासे के लिए सौरिख थाना प्रभारी विष्णुकांत तिवारी को लगाया गया। पुलिस ने शनिवार शाम को तरींद मोड़ के पास हत्यारोपी ग्राम किसई जगदीशपुर निवासी परवेज उर्फ अन्नू, ग्राम सहरोई निवासी सुरजीत सिंह बैस तथा कार चालक ग्राम सरदापुर निवासी रमजानी उर्फ दिलजानी को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के पास से एक अंगूठी, नाक की लौंग, 7250 रुपये नगद व घटना में प्रयुक्त कार बरामद हुई है।