कन्नौज। होली के उल्लास के बीच समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण एक अलग ही अंदाज में नजर आए। शनिवार को सदर विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय मानीमऊ में आयोजित श्रमदान व स्वच्छता अभियान के दौरान उन्होंने न सिर्फ छात्रों को सफाई का पाठ पढ़ाया बल्कि खुद झाड़ू और पोछा थामकर कक्षाओं को चमकाया। राज्य मंत्री के इस सहज रूप को देख स्कूली बच्चे भी उत्साह से भर उठे।
अभियान की शुरुआत करते हुए राज्य मंत्री ने छात्रों को अनुशासन और स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने प्रेरक अंदाज में कहा कि अपने विद्यालय को घर की तरह साफ रखें। कक्षाओं में छोटे गमले लगाएं और उन्हें नियमित पानी दें। जब वातावरण स्वच्छ होगा, तभी मस्तिष्क ऊर्जावान बनेगा और पढ़ाई में मन लगेगा। स्वच्छता को प्रतिस्पर्धा से जोड़ते हुए विद्यालय में सफाई प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें शिक्षकों और छात्रों ने मिलकर अपनी कक्षाओं को सजाया। मंत्री ने विद्यालय की प्रत्येक कक्षा के लिए स्वच्छता किट (फिनायल, झाड़ू, पोछा, बाल्टी व वाइपर) भेंट की। इस दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए राज्य मंत्री को हस्तनिर्मित हर्बल गुलाल लगाया और शुभकामना कार्ड भेंट किए। शिक्षक अतुल कुमार दीक्षित द्वारा बनाया गया उनका जीवंत स्केच और शिक्षक सुमित गुप्ता की पपेट टीम (कठपुतली) द्वारा दिया गया स्वच्छता का संदेश कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे।