बिहार जाने के लिए सामान लाद कर ट्रेन पर बैठने जाते ईट भटठा मजदूर
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज जिले में ईट भट्टों पर काम करने वाले बिहार प्रदेश के 3379 श्रमिक मंगलवार को भी दो ट्रेनों से अपने घरों को भेजे गए। तीन दिन में छह ट्रेनों से 9918 श्रमिक भेजे जा चुके हैं। मंगलवार को श्रमिकों को प्लेटफार्म पर टिकट के साथ लंच पैकेट और पानी की बोतलें दी गईं। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद श्रमिकों को ट्रेन में बैठाया गया।
सोमवार दोपहर करीब दो बजे कासगंज से खाली ट्रेन कन्नौज रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इसके बाद नवीन मंडी में एकत्र बिहार के श्रमिकों को ट्रैक्टर आदि से सरायमीरा रेलवे स्टेशन लाया गया। यहां श्रमिकों और उनके बच्चों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई।
एडीएम गजेंद्र कुमार व एएसपी विनोद की देखरेख में श्रमिकों को प्लेटफार्म पर टिकट के अलावा लंच पैकेट और पानी की बोतलें दी गईं। पहली ट्रेन से छिबरामऊ तहसील क्षेत्र के के 15 भट्टों के 1725 श्रमिकों के साथ पत्नी व बच्चे भी रहे। ट्रेन शाम चार बजे बिहार के लिए रवाना हो गई। दूसरी ट्रेन से सदर तहसील क्षेत्र के 20 ईंट भट्टे पर काम करने वाले 1654 श्रमिकों को भेजा गया।
ये ट्रेन रात आठ बजे के बाद रवाना हुई। सीओ श्रीकांत प्रजापति, रेलवे के नामित नोडल एसीएम प्रशांत कुमार, एसडीएम तिर्वा जयकरन, एसडीएम छिबरामऊ गौरव शुक्ला, स्टेशन अधीक्षक राजीव कुमार, आरपीएफ निरीक्षक प्रमोद लाकड़ा मौजूद रहे।