कन्नौज। जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए 14 उपकेंद्रों के निर्माण को स्वीकृति मिली है। इनमें से 11 उपकेंद्रों की टेंडर प्रक्रिया मंगलवार को पूरी हो चुकी है, जल्द निर्माण शुरू होगा। वित्त आयोग हेल्थ ग्रांट के तहत चयनित स्थलों पर इस्टीमेट तैयार किए गए हैं।
जिले के 11 उपकेंद्रों के लिए प्रति उपकेंद्र 41.57 लाख रुपये की लागत तय की गई है। शासन ने तकनीकी स्वीकृति दी, जिसके बाद डीएम ने 31 जुलाई को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की। चयनित उपकेंद्रों में सदर विकासखंड के बलारपुर, कनपटियापुर, मड़हरपुर, सारौंतोप, उमर्दा के सिंहपुर, बढ़नपुर वीरहार, मुगरा, रूरा, सरसई और तालग्राम के भुड़हा व डुड़वा बुजुर्ग शामिल हैं।
इन 11 उपकेंद्रों पर कुल 457.27 लाख रुपये खर्च होंगे। निर्माण पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और जांच जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी। प्रशासन ने शेष उपकेंद्रों की प्रक्रिया भी तेज करने और निर्माण में गुणवत्ता व पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।