अन्ना मवेशियों को पकड़वाने निकले एसडीएम जयकरन, डिप्टी सीवीओ डॉ. संजय शाल्या और ईओ दीपक कुमार।
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा(कन्नौज)। अन्ना मवेशियों को पकड़वाने के लिए गुरुवार सुबह एसडीएम जयकरन उप पशु चिकित्सा अधिकारी के साथ सड़क पर उतरे। एसडीएम ने उप पशु चिकित्सा अधिकारी और ईओ दीपक कुमार को निर्देश दिए कि हर हाल में अन्ना मवेशियों को गोशाला पहुंचाया जाए। इससे कि इन्हें शीत लहर से बचाया जा सके। अभियान में 15 गोवंश पकड़े गए।
अन्ना मवेशियों के लिए नगर पंचायत समेत ग्रामीण क्षेत्रों में कई गोशालाएं संचालित हैं। इसके बाद भी यह सड़क पर घूम रहे हैं। डीएम रवींद्र कुमार ने इन्हें गोशाला पहुंचाने के सख्त निर्देश दिए हैं। गुरुवार सुबह एसडीएम, उप पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय शाल्या और ईओ दीपक कुमार ने कर्मचारियों को लगाकर अन्ना मवेशियों को पकड़वाना शुरू किया।
डॉ. संजय शाल्या ने बताया कि सुबह एसडीएम के नेतृत्व में अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान 15 अन्ना मवेशियों को गोशाला भिजवाया गया। गोशाला में गोवंशों को शीत लहर से बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। रोज परीक्षण किया जा रहा है।
बीमार गोवंश का कराया इलाज
तहसील में बीमार गोवंश को देखकर कर्मचारियों ने इसकी जानकारी एसडीएम जयकरन को दी। एसडीएम मौके पर पहुंचे। उप पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय शाल्या ने बताया कि बीमार गोवंश का पशु अस्पताल में इलाज शुरू कर दिया गया है।