प्रथम स्थान पाने वाली छात्रा को सम्मानित करते अतिथि।
- फोटो : amau ujala
क्रांतिकारी शिक्षा सदन इंटर कालेज त्रिलोकपुर इंदरगढ़ में शनिवार को जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जिले भर के दो दर्जन विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रथम स्थान पाने वाली सौरिख की राहत अंजुम, तिर्वा के तेज सिंह व सिकंदरपुर की शीतल दुबे को मुख्य अतिथि एमएलसी सुनील कुमार साजन व पुष्पराज जैन पंपी ने संयुक्त रूप से ग्यारह-ग्यारह हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
द्वितीय स्थान पाने वाली मढ़पुरा की प्रिया पाठक, तिर्वा के सूर्य प्रकाश व सौरिख की क्षमा दुबे को सात हजार व तृतीय स्थान पाने वाली चपुन्ना की देवकी पाल, बलनपुर की आकांक्षा राजपूत, उमर्दा की मनीषा व सौम्या, सौरिख के अंशुल यादव को पांच-पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उत्तम गांव से उत्तम प्रदेश विषय पर संबोधन देना था। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बगैर कोई गांव तरक्की नहीं कर सकता है।
उन्होंने नकल कराने वाले विद्यालयों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह बेरोजगारों की फौज तैयार कर रहे हैं। कार्यक्रम को जिला विद्यालय निरीक्षक केपी सिंह यादव, प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल, आयोजक इंजीनियर अनिल पाल, उमर्दा ब्लाक प्रमुख इंद्रेश यादव, हसेरन ब्लाक प्रमुख उमाशंकर बेरिया, तिर्वा विधानसभा प्रभारी अजय वर्मा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शरद यादव ने भी संबोधित किया।
राज्यमंत्री ने जिलाधिकारी को पूर्व राष्ट्रपति डा.एपीजे अब्दुल कलाम का चित्र व अनिल पाल, अजय वर्मा ने सुनील कुमार साजन को प्रतीक चिन्ह और इंद्रेश यादव ने उनको पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। शरद यादव ने पंपी जैन को शाल उढ़ाकर सम्मानित किया।