सात माह से वेतन नहीं मिलने से भड़के विद्युत विभाग
के संविदा कर्मचारियों ने 33केवी सब स्टेशन बहवलपुर में नारेबाजी करते हुए
प्रदर्शन किया और 29 फरवरी तक भुगतान न मिलने पर एक मार्च से काम बंद करने
की चेतावनी दी।
33 केवी बहवलपुर के संविदाकर्मी अनिल कुमार, दुर्विजय
सिंह, महेंद्र सिंह और 33 केवी सिकंदरपुर के संविदाकर्मी अखिलेश, अभिषेक और
अनूप कुमार ने बताया कि ठेकेदार ने पिछले वर्ष जून माह तक का भुगतान कर
दिया था। इसके बाद उनका ठेका खत्म हो गया।
नए ठेकेदार कहते हैं कि उनका
ठेका दिसंबर 15 माह से शुरू हुआ है तो फिर जुलाई से नवंबर माह की अवधि का
भुगतान कौन करेगा। मांग करने पर एसडीओ सुधांशु श्रीवास्तव और एक्सईएन आरएन
वर्मा ने भुगतान जल्द कराने का आश्वासन दिया था, पर पैसा अब तक नहीं मिला।
बताया कि नए ठेकेदार ने भी अब तक कोई भुगतान नहीं किया है।
बताया कि गर्मी
शुरू होते ही लाइनों पर ओवरलोडिंग से मरम्मत कार्य काफी बढ़ जाएगा। ऐसे में
बिना पैसे लिए वह लोग काम नहीं करेंगे। कहा कि हम सभी ने सर्वसम्मति से
तय किया है कि 29 फरवरी तक भुगतान नहीं मिला तो एक मार्च से दोनों सब
स्टेशनों में काम बंद कर देंगे और दूसरे लोग लगाए गए तो उन्हें भी काम नहीं
करने देंगे।
कहा कि इन हालातों में उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिल पाने की
पूरी जिम्मेदारी एसडीओ और एक्सईएन की होगी। उधर, जेई अवनीश कुमार का कहना
है कि भुगतान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। 33 केवी बहवलपुर में कोई
विभागीय लाइनमैन तक नहीं है। पिछले वर्ष एक की तैनाती हुई, पर वह भी तीन
दिन बाद चला गया और लौटकर नहीं आया।
इसके बाद गुरसहायगंज से एक के आने के
आदेश हुए, पर वह भी आज तक नहीं आए। कहा कि पूरा सब स्टेशन संविदाकर्मियों
के रहमोंकरम पर चल रहा है।