सौरिख। क्षेत्र के ग्राम नगला डडुअन में गांव के बाहर पीयूष का शव शुक्रवार की सुबह पेड़ से साड़ी के फंदे से लटका मिला था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था जिस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस महकमे की मानें तो अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिल पाई है। इसके बाद भी पुलिस शव के पास से मिले मोबाइल की जांच के लिए सर्विलांस टीम को जांच पड़ताल में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला डडुअन निवासी पीयूष गुरुवार की रात घर से शौच क्रिया के लिए निकला था। रात भर पीयूष घर से गायब रहा। सुबह खोज में निकले परिजनों को पीयूष का शव गांव के बाहर राम लखन के खेत के पास पेड़ से साड़ी के फंदे से लटका मिला था। परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। डाक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया था। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जयंती गंगवार ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। पीयूष के कपड़ों में बंद मोबाइल मिला था, जिसकी जांच की जा रही है। सर्विलांस टीम भेजी गई है। सर्विलांस टीम की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
ग्रामीणों का आरोप आत्महत्या प्रकरण संदिग्ध
पीयूष हत्याकांड के मामले में ग्रामीणों में चर्चा है कि पीयूष को पहले 200 मीटर पश्चिम की ओर एक सूखे पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटकाने की कोशिश की गई थी। इस पेड़ पर चढ़ने के साथ मिट्टी के निशान एवं कुछ साड़ी का हिस्सा लटका मिला था। ग्रामीणों की आशंका है कि पहले उसी जगह पीयूष को मारकर लटकाने की कोशिश की गई होगी। इस संबंध में थानाध्यक्ष जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम सभी संभावित स्थानों से साक्ष्य जुटा चुकी हैं, उसी आधार पर जांच की जा रही है। शीघ्र ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।