तालग्राम। ब्लॉक के हाजिरपुर प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को चुनावी माहौल रहा। बच्चे और शिक्षक मतदान प्रक्रिया पूरी कराने में लगे रहे। मौका था बाल संसद पदाधिकारियों के चुनाव का। मतगणना के बाद अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को एक वोट से पराजित कर कक्षा चार के अमित प्रधानमंत्री चुने गए।
नेतृत्व क्षमता संवर्धन के लिए स्कूल में बाल संसद पदाधिकारियों का चुनाव लोकतांत्रिक मूल्यों को ध्यान में रखकर संपन्न कराया गया। कुल तीन प्रत्याशियों ने प्रधानमंत्री पद के लिए पर्चे दाखिल किए। जांच के बाद पर्चे वैध पाएं गए और चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। प्रत्याशियों ने जोर शोर से प्रचार किया। एआरपी अबरार मोहम्मद ने निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी संभाली। कुल 56 छात्र-छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कक्षा चार के अमित के चुनाव निशान आम को 23, शिवांगी के केला को 22, साक्षी की कार को नौ वोट मिले, जबकि दो मत नोटा को प्राप्त हुए। एक वोट से अमित ने जीत दर्ज की और प्रधानमंत्री चुने गए। उनकी सलाह पर अन्य मंत्रियों की नियुक्ति की गई और सभी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इंचार्ज प्रधानाध्यापक विक्रम सिंह, शाक्य सहायक अध्यापक बलराम सिंह और प्रशिक्षु शिक्षिका सोनी की देखरेख में चुनाव संपन्न हुआ।