कन्नौज। 108 और 102 एंबुलेंस अब आसानी से हर किसी के लिए सुलभ होंगी। लाइव लोकेशन ट्रेस करने के लिए इन्हें मोबाइल एप से जोड़ा जा रहा है। इसके माध्यम से पल-पल की जानकारी कंट्रोल रूम के साथ ही एंबुलेंस के लिए कॉल करने वालों को मिलती रहेगी। जल्द ही जिले की 41 एंबुलेंस में बायोमीट्रिक मशीन लगने जा रही हैं। इसमें चालकों और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन को हाजिरी लगानी होगी।
अक्सर शिकायतें मिलती हैं कि कॉल करने के बाद एंबुलेंस काफी देर से पहुंचती है। कई बार नहीं पहुंचने की भी बात सामने आती है। इसी समस्या को ध्यान में रखकर एनएचएम (नेशनल हेल्थ मिशन) लखनऊ ने 108 लाइव एप शुरू किया है। इसे मोबाइल पर प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। जैसे ही कोई एंबुलेंस के लिए कॉल करेगा, संबंधित के पास मैसेज चला जाएगा। इसमें चालक, टेक्नीशियन के मोबाइल नंबर, एंबुलेंस के नंबर लिंक होंगे। इस लिंक को खोलने पर एंबुलेंस की लाइव लोकेशन मिलती रहेगी। टेक्नीशियन को भी मरीज के पास पहुंचने पर संबंधित जानकारी एप पर डालनी होगी। साथ ही किस अस्पताल में ले जा रहे हैं, यह भी विवरण दर्ज कराना होगा। एंबुलेंस में पहले से जीपीएस लगा है। मोबाइल एप से निगरानी और बेहतर होने का दावा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि एप से एंबुलेंस की सटीक जानकारी मिल सकेगी। एंबुलेंस पर तैनात टेक्नीशियन को टेबलेट दिया जा रहा है। इसमें सिर्फ एप ही खुलेगा। इससे रेस्पांस टाइम बेहतर होगा। लाइव लोकेशन में यह भी पता चलेगा कि एंबुलेंस जाम में फंसी है या उसकी लोकेशन कहां है।