कन्नौज। औद्योगिक विकास को पंख लगाने की दिशा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के निकट स्थित इत्र पार्क में उद्यमियों के लिए खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) द्वारा विकसित किए गए कुल 65 भूखंडों में से 47 का आवंटन पहले ही हो चुका है। अब शेष 18 भूखंडों को छोटे आकार में विकसित करने का प्रस्ताव है। ताकि मध्यम और छोटे स्तर के उद्यमियों को भी अवसर मिल सके। इन रिक्त भूखंडों का विस्तृत विवरण अब निवेश मित्र पोर्टल पर उपलब्ध करा दिया गया है। इच्छुक उद्यमी आसानी से जानकारी प्राप्त कर अपनी रुचि व्यक्त कर सकते हैं।
अमर उजाला ने 17 फरवरी के अंक में इत्र पार्क से जुड़ी सुविधाओं की कमी को उजागर किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने मंगलवार को एक विशेष कैंप का आयोजन किया। इसमें इत्र पार्क में उद्यमियों हेतु की गई व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त प्रेमकांत ने बताया कि शेष 18 भूखंडों को छोटी माप में उपलब्ध कराने के लिए यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से अनुरोध किया गया है। पार्क में सड़क, नाली, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पेयजल के लिए पानी की टंकी जैसी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं पहले से ही मौजूद हैं। जिन भूखंडों का आवंटन पूर्व में हो चुका है, उन पर निर्माण कार्य शुरू करने हेतु आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने की प्रक्रिया भी सुचारू रूप से जारी है। यूपीसीडा द्वारा सभी रिक्त भूखंडों के विवरण निवेश मित्र पोर्टल पर उपलब्ध कराए जाने से यह सुनिश्चित होगा कि अधिक से अधिक उद्यमी इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठा सकें और क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिल सके।