छिबरामऊ। खुबरियापुर रोड स्थित पुष्पांजलि अस्पताल के संचालक संदीप सिंह ने बताया कि 13 फरवरी की शाम सात बजे एक महिला को हृदय रोग के उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मरीज का आठ-दस महीनों से कानपुर में कार्डियोलॉजी में इलाज चल रहा था। हालत को देखते हुए तत्काल इलाज शुरू किया गया। आंशिक सुधार होने पर रात 11 बजे तीमारदारों ने छुट्टी की बात कही गई। इस पर डाक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रात में अस्पताल में ही रुकने की सलाह दी थी। आरोप है कि मरीज के साथ आए तीमारदारों ने जबरन डिस्चार्ज करने का दबाव बनाया। स्टाफ ने डिस्चार्ज रसीद तैयार कर दो हजार रुपये का बिल बताया। आरोप है कि इस पर संबंधित लोग भड़क गए और केवल एक हजार रुपये देकर कर्मचारियों से अभद्रता करने लगे। गालीगलौज कर मारपीट का प्रयास किया। कार्रवाई के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। इस संबंध में कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।