सौरिख। ग्रामीण ने ग्रामसभा में विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर रविवार को शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
विकास खंड की ग्रामसभा कायमपुर निवासी जितेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत में कहा कि ग्राम प्रधान ने बरात घर में शौचालय निर्माण, पुलिया नाली, कायमपुर, राजापुर विद्यालय में फर्नीचर खरीद में दो-दो बार भुगतान कराया है। साथ ही नगला पीते में आंगनबाड़ी केंद्र पर टाइलीकरण, सीएसबी रोड से सुरेश शर्मा के मकान तक इंटरलॉकिंग और हैंडपंप के रिबोर के नाम पर दो-दो बार धनराशि आहरित कर गोलमाल कर लाखों रुपये का घोटाला किया है। इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनिल राजपूत ने बताया कि सोमवार को खुली बैठक बुलाई जाएगी। बैठक में ग्रामीणों के सामने विकास कार्यों को रखा जाएगा। जितेंद्र द्वारा लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।