एक सप्ताह पहले अस्पताल रोड चौराहे पर दो पक्षों के
बीच हुए बवाल का मामला निपट गया। क्षेत्रीय विधायक अरविंद सिंह यादव ने कहा
कि अराजकतत्वों के मंसूबों को किसी कीमत पर पूरा नहीं होने दिया जाएगा।
शहर के अमन चैन को कायम रखने को हर संभव प्रयास किया जाएगा।
ज्ञात हो
कि एक सप्ताह पहले शनिवार की सुबह अस्पताल रोड चौराहा पर पत्रकार की बाइक
से एक अन्य बाइक की टक्कर हो गई थी। मौके पर जुटे कुछ अराजकतत्वों ने
पत्रकार की बाइक समेत अन्य बाइक में आग लगाकर जमकर मारपीट की थी। उन लोगों
ने मामले को सांप्रदायिक रूप देने का असफल प्रयास किया था।
बवाल के बाद शहर
में भारी पुलिस बल और पीएसी को तैनात कर दिया गया था। इस मामले में दोनों
पक्षों और पुलिस समेत चार मुकदमे दर्ज कराए गए थे। जिसमें दोनों ओर से लगभग
दो दर्जन से भी अधिक लोगों को नामजद किया गया था। मामले में सपा विधायक
अरविंद सिंह यादव ने पहल कर किसी तरह पूरे मामले का पटाक्षेप करते हुए आपसी
मेलजोल के साथ पूरा मामला निपटा दिया।
शनिवार की सुबह विधायक आवास पर
कोतवाल आरपी पांडेय की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने पर
संभ्रांत लोगों ने कहा कि शहर की गंगा जमुनी तहजीब को हरहाल में कायम रखा
जाएगा और अराजकतत्वों के मंसूबों को कभी पूरा नहीं होने दिया जाएगा।
विधायक
ने कहा कि समाज के लोगों को इस तरह के अराजकतत्वों पर कड़ी नजर रखनी होगी,
ताकि शहर का माहौल खराब न होने पाए। सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ रहे और
एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े हों। इस दौरान दोनों पक्षों से काफी लोग
मौजूद थे।