कन्नौज। खाद की हकीकत जानने के लिए नोडल अधिकारी अलीगढ़ के संयुक्त कृषि निदेशक श्रवण कुमार गुरुवार को कन्नौज पहुंचे। उन्होंने समिति और दुकानों पर छापा मारा। एक विक्रेता ने किसानों के मोबाइल नंबर दर्ज नहीं किए थे, इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
किसानों को आलू और गेहूं की फसल के लिए यूरिया की आवश्यकता है। शासन से लगातार यूरिया उपलब्ध कराई जा रही है पर इसके बाद भी किसान यूरिया के लिए परेशान हैं। नोडल अधिकारी ने प्रेमपुर समिति और जलालाबाद समिति का निरीक्षण किया। इसके बाद शरीफापुर, सराय प्रयाग और फगुहा स्थित निजी दुकान की जांच करने पहुंचे।
एक दुकान पर विक्रेता ने किसानों का मोबाइल नंबर दर्ज नहीं किया था जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौजूद किसानों से वार्ता की। किसानों को संतुलित मात्रा में खाद प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। कृषि अधिकारी संत लाल गुप्ता ने सभी विक्रेताओं को निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित दाम पर ही खाद उपलब्ध कराएं।