कन्नौज। कौशांबी की आतिशबाजी फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद जिले के अधिकारी चौकन्ने हो गए हैं। मंगलवार को उप जिलाधिकारी तिर्वा वैशाली व क्षेत्राधिकारी कुलवीर सिंह ने आतिशबाजी दुकानों पर सघन जांच की।
दोनों अधिकारियों ने तिर्वा क्षेत्र स्थित श्री बालाजी ट्रेडर्स आतिशबाज के थोक एवं फुटकर विक्रय प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आतिशबाजी के भंडारण, विक्रय व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और अग्निशमन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विक्रेता को निर्देश दिया कि भंडारण और विक्रय निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही किया जाए। दुकान में फायर एक्सटिंग्विशर, रेत की बाल्टी और पानी की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। सुरक्षा मानकों की अनदेखी न हो और ग्राहकों तथा आसपास के लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
एसडीएम ने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर आतिशबाजी की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में दुकानदारों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। दुकानों एवं गोदामों में निर्धारित मात्रा से अधिक बारूद का भंडारण न किया जाए और लाइसेंस की शर्तों का पालन किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन या सुरक्षा में कमी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री का कहना है कि जिले की सभी आतिशबाजी दुकानों का सत्यापन कराया जाएगा। अपूर्ण मानक और बिना लाइसेंस संचालित दुकानों को सील किया जाएगा।