कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला टीका में पुलिस ने
छापा मारकर कार से लगभग पांच सौ लीटर केमिकल बरामद किया है। पुलिस को आशंका
है केमिकल अवैध शराब बनाने के लिए लाया गया था। देर शाम तक मामले की
लिखा-पढ़ी नहीं हो सकी थी।
कुंवरपुर कंडौली चौकी पुलिस को सूचना
मिली कि ग्राम टीका नगला में अवैध रूप से शराब बनाने के लिए एक गाड़ी से कई
कट्टियों में केमिकल लाया गया है। इस पर पुलिस ने गुरुवार की सुबह करीब नौ
बजे गांव में दबिश दी। पुुलिस को वहां खड़ी कार मिल गई, जिसमें 50-50 लीटर
की दस कट्टी भरी रखी थी।
हालांकि वहां कोई नहीं मिला। काफी कवायद
के बाद पुलिस उस गाड़ी को लोडर से टोचिंग कर चौकी पर ले आई। कुछ देर बाद
एसएसआई शेष कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की दो
टीमों ने माल लाने वालों की गिरफ्तारी को लेकर कई संभावित स्थानों पर दबिश
दी।
गाड़ी माल समेत कोतवाली में खड़ी करा दी गई। कोतवाली पुलिस ने
आबकारी विभाग के अधिकारियों को गाड़ी में बरामद केमिकल के जांच की सूचना
दी। दोपहर बाद कन्नौज से आबकारी निरीक्षक महेंद्र कौशल टीम के साथ कोतवाली
पहुंचे। उन्होंने गाड़ी में रखी कट्टियों को खोलकर देखा।
उन्होंने
बताया इन कट्टियों में भरा केमिकल 95 प्रतिशत डिग्री का स्प्रिट है। यह
शराब बनाने के काम में प्रयोग में लाया जाता है। शराब बनाते समय जब इसकी
मात्रा ज्यादा हो जाती है तो पीने वालों की मौत भी हो जाती है।
मालूम
हो अगले माह से पंचायत चुनाव होने की संभावनाएं हैं। ऐसे में अवैध देशी
शराब की खपत कई गुना बढ़ जाती है। उस खपत को पूरा करने के लिए शराब माफिया
अवैध रूप से केमिकल युक्त शराब बनाकर बेचते हैं।